भिलाई। निगम के महापौर व सभापति को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। वार्ड क्रमांक 60 के पार्षद नीरज पाल भिलाई निगम के पांचवें महापौर होंगे। वहीं गिरवर बंटी साहू सभापित बनेंगे। गुरुवार को कांग्रेस की ओर से नीरज पाल ने महापौर के लिए नामांकन भरा। वहीं सभापति के लिए गिरवर बंटी साहू ने नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि भिलाई निगम का महापौर नीरज पाल होंगे और सभापति गिरवर बंटी साहू बनेंगे।
भाजपा की ओर से महापौर के लिए महेश वर्मा व सभापति के लिए पी श्याम सुंदर राव ने नामांकन दाखिल किया है। इसी प्रकार निर्दलीय योगेश साहू ने महापौर व सभापति के लिए अनिता साहू ने नामांकन दाखिल किया। अपील समिति के लिए निर्दलीय राजेन्द्र कुमार ने नामांकन भर दिया है। अपील समिति के लिए कांग्रेस से सेवन कुमार ,अन्जु सिन्हा,रवि शंकर व शुभम झा ने नामांकन भर दिया है।
नगरीय निकाय चुनाव के बाद महापौर व सभापति को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई में उत्सुकता सर्वाधिक रही। गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह के बाद सभी को इंतजार था कि आखिर कांग्रेस की ओर से महापौर व सभापति के लिए किस वार्ड का पार्षद नामांकन दाखिल करेगा। नामांकन के बाद तस्वीर साफ हो गई। भिलाई निगम में कांग्रेस को बहुमत है यहां कांग्रेस के 37 पार्षद जीते हैं। वहीं चार निर्दलीय पार्षद भी कांग्रेस के समर्थन में है। इसलिए यह तय है कि नीरज पाल महापौर और गिरवर बंटी साहू सभापति बनेंगे। मतदान की औपचारिकता के बाद कलेक्टर सर्वेश्वर भूरे इसकी अधिकारी घोषणा कर देंगे।
कई दावेदार थे मैदान में कांग्रेस की ओर से
महापौर को लेकर कई दावेदार मैदान में थे। इनमें एकांश बंछोर, नीरज पाल, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी आदित्य सिंह, सुभद्रा सिंह व सीजू एंथोनी के नाम थे। इनमें नीरज पाल व एकांश बंछोर के नाम सबसे ऊपर रखे गए थे। यह भी तय था कि इन्हीं में से किसी एक को सभापति के लिए भी मैदान में उतारा जाएगा। गुरुवार को नामांकन के साथ ही सस्पेंस से पर्दा उतर गया और महापौर के रूप में नीरज पाल व सभापति के रूप में गिरवर बंटी साहू को उम्मीदवार बनाया गया। इससे पहले आज कांग्रेस के सभी पार्षद अपना अज्ञातवास पूरा कर आज सुबह ही निगम कार्यालय लौटे। शपथ के बाद सीधे महापौर व सभापति के चुनाव में लग गए। इस दौरान भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव सहित चुनाव प्रभारी पूरे समय पार्षदों के साथ ही रहे।




































