भिलाई। नगर निगम भिलाई के चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों द्वारा नाम वापसी को लेकर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह दु:खद है लेकिन इससे मनोबल टूटा नहीं है। हम दोगुने उत्साह के साथ चुनाव मैदान में हैं और कांग्रेस के खिलाफ जनता मन बना चुकी है। पिछले 3 वर्षों के कांग्रेस शासनकाल को जनता बदलना चाह रही है और इसकी शुरूआत इस नगरीय निकाय चुनाव से होगा। सांसद बघेल यहां एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे जहां मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि भाजपा से कांग्रेस से बेहतर टिकट वितरण किया है। सभी वार्डों से काफी मंथन के बाद प्रत्याशी तय किए गए हैं। निश्चित रूप से इस बार भाजपा के ज्यादा पार्षद चुनकर आएंगे। एक बार सामंजस्य बैठ जाए तो जीत का रास्ता तय होता है और वह रास्ता हम लोगों ने बना लिया है। जनता कांग्रेस से पूरी तरह त्रस्त है जनता देख रही कि कब मौका मिले और हम अपने मताधिकार से कांग्रेस को सबक सिखाए।
सांसद बघेल ने कहा कि भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कांग्रेस की हमेशा से यह नीति रही है चाहे पैसे से हो, दबाव से हो या चाहे ताकत से हो इसका दुरुपयोग करती है। भाजपा प्रत्याशियों का नामांकन वापस लेना दु:खद है फिर भी हमारा मनोबल ऊंचा है। हम तो यह सोच कर चल रहे थे कि कांग्रेस पार्टी की शैतानियां चलेंगी। कांग्रेस के लोग ऐसे घमंड से हैं की धमकाने चमकाने की खबरें आ रही है। अभी चुनाव प्रचार जब सदन तौर पर पहुंचेगा तो ना जाने और क्या-क्या करेंगे।
सांसद बघेल ने कहा कि बीते चुनाव में जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस को बुरी तरह हार मिली थी। कांग्रेस कहीं से भाजपा पर लीड नहीं बना सकी। इस बार निगम चुनाव में भी कुछ ऐसा होगा। जनता ने कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना लिया है।