INDORE NEWS. मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में लगातार विस्तार का दौर जारी है। राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इंदौर की नेता रीना बौरासी को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह पूर्व अध्यक्ष विभा पटेल की जगह इस जिम्मेदारी संभालेंगी।

इन नेताओं ने दी बधाई
मार्च 2022 से भोपाल की पूर्व महापौर रह चुकी विभा पटेल प्रदेश अध्यक्ष थीं। अब इंदौर के सांवेर से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी रीना बौरासी महिला कांग्रेस की अगुवाई करने जा रही हैं। उनकी नियुक्ति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एवं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बधाई दी है।
जीतू पटवारी ने की थी अनुशंसा
यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी की अनुशंसा के आधार पर की गई है। पूरे देश में महिला कांग्रेस की जितनी भी प्रदेश अध्यक्ष है उनमें रीना बौरासी सेतिया पहली ऐसी प्रदेश अध्यक्ष है, जो कि दलित वर्ग का प्रतिनिधित्व करती है। इंदौर जिले की महिला कांग्रेस की वे पूर्व में अध्यक्ष रह चुकी है। उनके कार्यकाल में महिला कांग्रेस का बड़ा सदस्यता अभियान इंदौर में चलाया गया था।

अवनीश भार्गव को मिली ये जिम्मेदारी
इसी बीच भोपाल के बैरसिया के रहने वाले अवनीश भार्गव को मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल का मुख्य संगठक बनाया गया है। उन्होंने सागर, विदिशा, उज्जैन समेत कई जिलों में कांग्रेस संगठन का प्रभारी रहते हुए अनुभव हासिल किया है।

मालवा का बना दबदबा
मध्य प्रदेश कांग्रेस में मालवा क्षेत्र के नेताओं का खास दबदबा देखने को मिल रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर के राऊ से हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार धार के रहने वाले हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष बनने वाली रीना बौरासी भी इंदौर से ही हैं।
आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया रतलाम के निवासी हैं। इस तरह प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख पदों पर मालवा क्षेत्र के नेताओं की मजबूत पकड़ है।

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज
ये नए सिरे से संगठनात्मक बदलाव और नियुक्तियां कांग्रेस में मालवा क्षेत्र के विस्तार और प्रभाव को दर्शाती हैं। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए इस कड़ी में तैयारियों को तेज कर रही है।




































