INDORE NEWS. प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान श्री गोविंदराम सेकसरिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SGSITS) में एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि इलेक्ट्रिकल विभाग के एचओडी संदीप घोंघाड़े ने परीक्षा पास कराने के नाम पर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निदेशक डॉ. निलेश पुरोहित ने जांच की जिम्मेदारी समिति को सौंप दी है। जांच पूरी होने तक आरोपी प्रोफेसर को सभी शैक्षणिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।

परीक्षा पास कराने के नाम पर छेड़छाड़ का आरोप
छात्रा का कहना है कि दो दिन पहले गुरुवार को वह परीक्षा संबंधी समस्या लेकर एचओडी के केबिन में गई थी। बातचीत के दौरान संदीप घोंघाड़े ने उसकी कमर पर हाथ रखा और कहा कि उसका ईयर-बैक हो गया है। मगर, वह उसे पास करा देगा।
इस घटना के बाद सहमी छात्रा केबिन से बाहर निकल गई। छात्रा ने घटना के बाद तुरंत निदेशक से संपर्क किया। छात्रा की शिकायत पर संस्था के उच्चाधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले को दबाने की कोशिश की जाने लगी।

छात्रा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई
छात्रा ने आरोप लगाते हुए तुकोगंज थाना में भी आवेदन दिया है। इसके अलावा छात्रा के अभिभावकों के साथ मिलकर भी प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाई गई। सूत्रों के मुताबिक प्रबंधन ने शुरू में इस मामले को दबाने की कोशिश की और छात्रा को पुलिस शिकायत करने से वापिस रखने का प्रयास किया।

विश्वविद्यालय की जांच समिति ने लिया संज्ञान
SGSITS की महिला उत्पीड़न निवारण समिति ने आरोपी एचओडी को परीक्षा के कार्यों, क्लास लेने और मूल्यांकन करने के काम से हटा दिया है। समिति ने दोनों पक्षों को बयान देने के लिए बुलाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर पर इससे पहले भी अनुचित व्यवहार के आरोप लग चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

दोनों पक्षों के बयान लेकर कमेटी देगी रिपोर्ट
SGSITS के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. गिरिश ठाकर ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा और करियर को ध्यान में रखते हुए आरोपी प्रोफेसर से विभागाध्यक्ष सहित अन्य जिम्मेदारियां वापस ले ली गई हैं। दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद समिति जल्द अपनी रिपोर्ट देगी। इसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

































