INDORE NEWS. शहर के जिंसी चौराहे से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनाई जा रही मास्टर प्लान की सड़क को लेकर रविवार को हंगामा खड़ा हो गया। यहां के रहवासी नगर निगम द्वारा तय की गई सड़क की 80 फीट चौड़ाई के खिलाफ सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कई महिलाएं भी शामिल हुईं।
लोगों का कहना है कि अगर सड़क 80 फीट चौड़ी बनाई गई, तो उनके मकान लगभग खत्म हो जाएंगे। किसी का चार फीट हिस्सा बचेगा, तो किसी का सिर्फ पांच फीट। ऐसे में वे रहेंगे कहां? रहवासियों की मांग है कि सड़क की चौड़ाई 80 फीट के बजाय 60 फीट रखी जाए, ताकि हर घर में रहने लायक जगह बनी रहे और चौड़ीकरण का काम भी न रुके।

सिंहस्थ से पहले बननी हैं सड़कें
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने नगर निगम को मास्टर प्लान की 23 सड़कों के लिए 468 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। निगम को ये प्रोजेक्ट सिंहस्थ 2028 से पहले पूरे करने हैं। इनमें जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक की सड़क भी शामिल है। प्रस्तावित योजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई 80 फीट रखी गई है।
निर्माण के चलते टूटेंगे 66 मकान
सड़क निर्माण के दायरे में 66 मकान आ रहे हैं। कई मकान पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे, तो कुछ में चार से पांच फीट जगह ही बचेगी। रहवासी मनोज तोमर, संजय मिश्रा, विनय जोशी, पंकज शुक्ला आदि लोगों ने कहा कि सुभाष मार्ग से जुड़ने वाली बाकी सभी सड़कों की चौड़ाई 50 से 60 फीट के बीच है।

बेघर हो जाएंगे कई परिवार
फिर इस सड़क को 80 फीट बनाने की क्या जरूरत है? लोगों ने यह भी बताया कि पूर्व में हुई बैठकों में 60 फीट की चौड़ाई पर सहमति बनी थी। मगर, अब नगर निगम ने बिना चर्चा के 80 फीट के हिसाब से निशान लगा दिए हैं। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि निगम अगर यही रुख अपनाए रखता है, तो कई परिवार बेघर हो जाएंगे।

जारी रहेगा आंदोलन- बोले प्रदर्शनकारी
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण की वजह से उनके घर को तोड़ा गया, तो महज “चार-पांच फीट का मकान बचेगा, उसमें रहेंगे कैसे?” प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क की चौड़ाई 60 फीट नहीं की जाती, वे आंदोलन जारी रखेंगे।

80 फीट रोड है मास्टर प्लान का हिस्सा
इधर, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह सड़क मास्टर प्लान का हिस्सा है और अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा। वहीं स्थानीय रहवासियों ने दो टूक कहा कि विकास के नाम पर उनकी जिंदगी उजाड़ने की कोशिश नहीं होने दी जाएगी।

































