INDORE NEWS. शहर के बीच स्थित नेहरू पार्क में बन रहे स्विमिंग पूल और लाइब्रेरी के काम में हो रही देरी पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कड़ा रुख अपनाया है। अप्रैल 2025 तक पूरा होने वाला यह काम अक्टूबर तक भी अधूरा है। शुक्रवार को महापौर ने औचक निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति देखी और अधिकारियों को चेतावनी दी कि दिसंबर तक हर हाल में काम पूरा किया जाए।

महापौर ने कहा कि नेहरू पार्क परिसर शहर के बीचोंबीच है, इसलिए यहां का स्विमिंग पूल खेल गतिविधियों के लिए और लाइब्रेरी अध्ययन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और काम की दैनिक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य नंदू पहाड़िया, अभय राजनगांवकर और अधिकारी नागेंद्र भदौरिया मौजूद थे।

अप्रैल की डेडलाइन चूकी, अब दिसंबर नई तारीख
नेहरू पार्क स्विमिंग पूल का जीर्णोद्धार करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। ठेका भोपाल की एक कंपनी को दिया गया है। यह पूल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विकसित किया जा रहा है, लेकिन काम लगातार पिछड़ रहा है। पहले इसे अप्रैल 2025 तक पूरा करने की डेडलाइन थी, जो अब दिसंबर तक बढ़ा दी गई है।

बार-बार लापरवाही पर फटकार
यह पहली बार नहीं है जब इस प्रोजेक्ट की लेटलतीफी चर्चा में आई हो। सामान्य प्रशासन प्रभारी नंदू पहाड़िया ने मार्च में भी ठेकेदार को लापरवाही के लिए फटकार लगाई थी। इस बार भी निरीक्षण के दौरान टाइल्स का काम अधूरा मिला, जिस पर उन्होंने फिर सख्त नाराजगी जताई।

अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस होगा नया पूल
जीर्णोद्धार के बाद स्विमिंग पूल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। इसमें वाटरप्रूफ टाइल्स, आधुनिक लाइटिंग और विशेष फिल्टर प्लेट सिस्टम लगाया जाएगा, जो पूरे प्रदेश में कहीं और नहीं है। नई बिल्डिंग में डाइविंग टॉवर, बदलने के कमरे, शॉवर रूम और दर्शकों के बैठने के लिए सीटें भी बनाई जा रही हैं, जिससे प्रतियोगिताओं के दौरान सुविधाओं में कोई कमी न रहे।





































