RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देने की पहल के तहत मंगलवार को पहली बार राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, पूर्व और वर्तमान खिलाड़ी तथा खेल संघों के प्रतिनिधि इस आयोजन में शामिल हुए। कॉन्क्लेव में दिनभर विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, खेल अधोसंरचना मजबूत करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित पहले सत्र में कहा कि विकसित और सक्षम छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेलों की बड़ी भूमिका होगी। खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और वे राज्य के लिए मजबूत मानव संसाधन के रूप में तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

साथ ही उन्होंने राज्य में मौजूद खेल परिसरों और स्टेडियमों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा उनकी संचालन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव के दौरान विशेषज्ञों और खिलाड़ियों से मिलने वाले सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में ₹150 करोड़ से अधिक की लागत से विभिन्न खेल अधोसंरचना परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव खिलाड़ियों के लिए भविष्य की तैयारी का मजबूत मंच साबित होगा।

कई दिग्गज खेल विशेषज्ञ हुए शामिल
कॉन्क्लेव में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, सभी जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे।






































