BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित प्रशिक्षण एवं रवींद्र संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत संस्था गीतवितान कला केन्द्र (School of Performing Arts) को पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन, बोलपुर में आयोजित रवीन्द्रनाथ टैगोर एक्सीलेंस अवार्ड 2025 में सम्मानित किया गया।

संस्था द्वारा समिति के आठ सदस्यों को सेवा और रवींद्र संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार समारोह में सम्मान प्रदान करने वाले गणमान्य अतिथियों में भारत सेवा संघ के प्रमुख महाराज स्वामी अद्वैतानंदजी, विश्व भारती विश्वविद्यालय, बोलपुर, शांति निकेतन के क्रीड़ा अधिकारी तापोश सान्याल, और ओडिशी नृत्य गुरु अपूर्व चक्रवर्ती शामिल थे।

समारोह के दौरान पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और गुरूदेव रवीन्द्रनाथ की मूर्ति भी प्रदान की गई। इसके साथ ही गीतवितान कला केन्द्र के सदस्य गणों ने विश्व भारती विश्वविद्यालय, शांति निकेतन का भ्रमण किया, जिसमें कला भवन, संगीत भवन, उत्तरायण गृह और विश्वविद्यालय प्रांगण शामिल थे।

प्रतिवर्ष आयोजित यह कार्यक्रम दक्षिण कोलकाता क्रीड़ा एवं संस्कृति परिषद द्वारा संपन्न कराया जाता है, जिसका उद्देश्य रवींद्र संस्कृति और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वालों को सम्मानित करना है।

गीतवितान कला केन्द्र के लिए यह सम्मान न सिर्फ उनकी कला यात्रा का मान्यता पत्र है, बल्कि रवींद्र संस्कृति को बढ़ावा देने में उनके योगदान को भी सराहनीय रूप से उजागर करता है।





































