BHILAI NEWS. कांग्रेस पार्टी द्वारा रविवार को भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित सिविक सेंटर परिसर में ‘संविधान बचाओ सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस जनसभा में हजारों की संख्या में कांग्रेस समर्थक, आम नागरिक, कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। आयोजन स्थल जनसमूह से खचाखच भरा रहा और पूरे क्षेत्र में संविधान व लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।


सभा में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की विशेष उपस्थिति रही। अपने संबोधन में भूपेश बघेल ने कहा कि देश के लोकतंत्र और संविधान पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। हमें एकजुट होकर इन खतरों का सामना करना होगा। केंद्र सरकार की नीतियां संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही हैं, जिसे अब देश की जनता सहन नहीं करेगी।


वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने सभा को जन-जागरण अभियान करार देते हुए कहा यह केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि देश की आत्मा – हमारे संविधान – की रक्षा का संकल्प है। बाबा साहब अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान हमारे अधिकारों का रक्षक है और इसकी सुरक्षा करना हम सबका कर्तव्य है।
सभा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में संविधान की गरिमा बनाए रखने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए संगठित होने की अपील की। सभा के अंत में संविधान शपथ का आयोजन भी हुआ, जिसमें उपस्थित जनों ने लोकतंत्र, समानता और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा का संकल्प लिया। यह आयोजन कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘संविधान बचाओ’ अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देशवासियों को संविधान के महत्व और उसकी रक्षा के प्रति जागरूक करना है।