BILASPUR NEWS. थाना चकरभाठा पुलिस ने एक गंभीर मारपीट और हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चरित्र शंका के चलते युवक की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।

बता दें, मृतक की पहचान नंद किशोर वैष्णव (उम्र 38 वर्ष), पिता गजेन्द्र वैष्णव, निवासी मुंगेली के रूप में हुई है। घटना 18 जून की रात करीब 8 बजे चकरभाठा कैम्प स्थित अनुराग गली, गोलू ऑटो पार्ट्स के पास हुई।

गिरफ्तार आरोपी
1. शैलेंद्र सेंगर (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, अनुराग स्कूल के पास, चकरभाठा
2. गजेंद्र सेंगर (23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, अनुराग स्कूल के पास, चकरभाठा
3. गौकरण गेंदले (36 वर्ष), निवासी गुमा, पोस्ट बिटकुली, थाना बिल्हा

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मृतक नंद किशोर की पुरानी जान-पहचान गौकरण की पत्नी से थी। 18 जून की रात वह उससे मिलने गया था। उसी दौरान गौकरण मौके पर पहुंचा और पत्नी से संबंध होने के शक में अपने साथियों के साथ मिलकर नंद किशोर की बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोपियों ने उसे लात-घूंसे और लकड़ी के बत्ते से मारा, जिससे मृतक के हाथ, पैर, कंधा, चेहरा और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।


घायल नंद किशोर को तत्काल डायल 112 की सहायता से बिल्हा अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। लेकिन रात करीब 12:30 बजे उसकी हालत फिर बिगड़ गई और दोबारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।