RAIPUR NEWS. रायपुर के लालपुर स्थित सरकारी शराब दुकान में मिलावटी और बिना होलोग्राम की 300 पेटी शराब मिलने के सनसनीखेज मामले ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। इस मामले में जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र के एडीईओ (सहायक जिला आबकारी अधिकारी) राजेन्द्र नाथ तिवारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनकी जगह टेक बहादुर कुर्रे को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।


राज्य उड़नदस्ता द्वारा की गई जांच रिपोर्ट को आबकारी सचिव के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार की ओर से और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

इस घोटाले में अनुबंधित ठेका कंपनी BIS की भूमिका गंभीर जांच के घेरे में आ गई है। कंपनी के सुपरवायजर सहित तीन सेल्समैन फरार हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े राज़ उजागर हो सकते हैं।

अब तक आबकारी विभाग ने एक एफआईआर दर्ज की है, जबकि पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज करते हुए फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आबकारी विभाग और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

राज्य में शराब वितरण व्यवस्था को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं, और अब इस खुलासे के बाद सरकार पर दबाव है कि वह ठेका प्रणाली और सप्लाई चैन में पारदर्शिता सुनिश्चित करे। यह मामला न सिर्फ एक प्रशासनिक चूक को उजागर करता है, बल्कि ठेकेदारों और सरकारी व्यवस्था के बीच संभावित मिलीभगत पर भी सवाल खड़े करता है।




































