BHILAI NEWS. भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव रविवार को आम जनता से रूबरू हुए। क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनी और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर बीईसी कंपनी के पूर्व कर्मचारियों ने विधायक यादव का सम्मान किया और उनके सहयोग के लिए आभार जताया।

पूर्व कर्मचारियों ने बताया कि वर्षों से लंबित ग्रेच्युटी राशि के लिए उन्होंने संघर्ष किया, जिसमें विधायक की पहल और समर्थन से उन्हें न्याय मिला। यूनियन अध्यक्ष आदित्य सिंह के नेतृत्व में चली इस लड़ाई के सफल परिणाम को लेकर मजदूरों ने संतोष जताया। विधायक यादव ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि मजदूरों के हक की यह जीत, उनके एकजुट प्रयासों का परिणाम है।

सिवरेज से मकानों को खतरा, मुआवजे की मांग
खुर्सीपार क्षेत्र से आए नागरिकों ने बताया कि सिवरेज निर्माण के दौरान उनके मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, लेकिन अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की। विधायक यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे सोमवार को कलेक्टर कार्यालय जाकर अधिकारियों से चर्चा करेंगे और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।


हुडको में निरीक्षण और जनसुनवाई
जनसुनवाई के बाद विधायक यादव ने हुडको क्षेत्र का दौरा किया। वहां स्थानीय नागरिकों ने सीवरेज की पुरानी और गंभीर समस्या से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में नालियों का पानी घरों में भर जाता है जिससे भारी परेशानी होती है। विधायक ने इस समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें:ट्रक यूनियन हो तो ऐसी: 1000 ड्राइवरों को मिला बीमा सुरक्षा कवच, हेलमेट और पौधे भी बांटे
इसके बाद विधायक ने निर्माणाधीन हुडको मांगलिक भवन का निरीक्षण किया। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का नाम बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा गया है। यह भवन क्षेत्रवासियों के लिए विवाह, जन्मदिन, सगाई जैसे आयोजनों हेतु एक उपयोगी स्थल बनेगा। विधायक ने निर्माण कार्य जल्द पूरा कर भवन का लोकार्पण करने की घोषणा की।



































