BILASPUR NEWS. ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को एक साल के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 1 करोड़ 38 लाख रुपये का चूना लगाया और फरार हो गया था। इसकी शिकायत ठगी के शिकार ने पुलिस में की थी। तब आरोपीत फरार हो गया था लेकिन अब पुलिस को सफलता मिली है और आरोपी हेमंत कुमार दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ये भी पढ़ेंःतिफरा क्षेत्र में हत्या, संदिग्ध अवस्था में मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस
बता दें, मामला सरकण्डा थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी बसंत पांडेय उम्र 58 वर्ष निवासी राजस्व कॉलोनी ने 20 सितंबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका हेमंत दुबे और उनके परिवार से पुराना परिचय था। आरोपी हेमंत दुबे उसकी पत्नी मनीषा दुबे और बेटा कपिल दुबे ने प्रार्थी का ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने का झांसा दिया और भारी मुनाफा का लालच दिया।
ये भी पढ़ेंः भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 150 किलो वजनी स्टॉपर गिरने से मजदूर की मौत
इस तरह उन्होंने प्रार्थी से नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 1 करोड़ 38 लाख 72 हजार 5 रुपये की राशि प्राप्त की। समय सीमा समाप्त होने के बाद जब प्रार्थी ने अपनी राशि वापस मांगी तब आरोपी ने केवल 89 लाख 7 हजार रुपये लौटाए जबकि बाकी 49 लाख 65 हजार 1 सौ 5 रुपये की राशि नहीं लौटाई। इस पर प्रार्थी ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी। आखिरकार नवरात्रि पर्व के दौरान आरोपी हेमंत दुबे के बिलासपुर में होने की सूचना मिली।
थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। सहायक उपनिरीक्षक दिनेश तिवारी और अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। इस टीम ने बिलासपुर के कतियापारा में आरोपी के निवास स्थान पर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी की घटना करना स्वीकार किया। बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्यवाही करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।