RAIPUR. राजधानी रायपुर में एक लॉ की छात्रा से दुष्कर्म का बडा मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार एक पुलिस जवान ने लॉ की स्टूडेंट से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस जवान ने नशीला पदार्थ पिलाकर अपनी ही कार में युवती से दुष्कर्म किया है, पीड़िता की शिकायत पर जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी जवान पुलिस अकेडमी चंद्रखूरी में पदस्थ है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज की है। माना पुलिस ने आरोपी पुलिस आरक्षक को हिरासत में ले लिया है। यह माना थाना क्षेत्र का मामला है। पूरे मामले की जांच में माना पुलिस जुटी हुई है।
पीड़िता ने अपने बयान में कहा है कि उसने आरोपी पर पूरा भरोसा किया था, लेकिन जवान ने इस विश्वास का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ धोखा किया। घटना के बाद पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है, ताकि दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि की जा सके। चिकित्सीय रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि प्रदेशभर से लगातार नाबालिग लड़कियों और युवतियों के साथ रेप के मामले सामने आ रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस राज्य सरकार को लगातार बढ़ते अपराधों और लॉ एण्ड आर्डर को लेकर घेर रही है। वहीं राज्य सरकार प्रदेश में अपराधों में कमी आने की बात कह रही है। कुल मिलकार सत्ता पक्ष और विपक्ष प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों को लेकर आमने सामने हैं।