BILASPUR. प्रदेश में महादेव सट्टा एप मामले के बाद अब एक और सट्टा खिलाने वाला अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले इस गिरोह को पकड़ लिया है। गिरोह ऑनलाइन न सिर्फ क्रिकेट बल्कि फुटबॉल, हॉकी, एविएटर गेम व कसिनो हार्स राइडिंग जैसे कई ऑनलाइन गेम के माध्यम से कस्टमर से लाखों के सट्टे में दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने इनके पास से सारा हिसाब-किताब रखने वाला रजिस्टर भी प्राप्त किया है। पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है।
बता दें, शहर में सट्टे का कारोबार फल-फूल रहा था। ऑन लाइन गेम्स के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय गिरोह दुबई से इसका संचालन करते हुए लोगों को दांव लगवा रहा था। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सट्टा के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के विषय में बताया कि ये गिरोह शहर व आसपास में ऑनलाइन गेम का ब्रांच खोलकर सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। इसकी सूचना मुखबिर से मिली थी।
सूचना पर सायबर सेल और थाना सरकण्डा की संयुक्त टीम बनाकर रेड किया गया। इसमें आरोपी दीपक यादव व संजय जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। आरोपियों ने बताया कि बिलासपुर ब्रांच का मुख्य संचालक विकास अग्रवाल है।
हम दोनो ंउनके लिए काम करते है। विकास अग्रवाल ने ही दुबई हेड ऑफिस से संचालित बैटिंग एप रेड्डी अन्ना का पैनल प्राप्त करने व्हाट्स एप से संपर्क किया और स्वयं का ब्रांच लेकर श्रीलंका व मनाली से संचालित कर रहा था। कुछ दिन पहले ही बिलासपुर में आकर काम शुरू किया था।
आरोपियों के बताए मुताबिक उनके कब्जे से ऑनलाइन सट्टा खिलाने में उपयोग आने वाले सामग्री पासपोर्ट 1 नग इसमें श्रीलंका इमीग्रेशन लगा है। 4 नग लैपटॉप, 27 नग मोबाइल व 170 से अधिक फर्जी सिम, 7 नब बैंक पास बुक, 2 नग चेक बुक, 19 नग एटीएम कार्ड, 20 से अधिक बैंक अकाउंट में 5 लाख से अधिक की राशि जिसे होल्ड कराया गया है। पुलिस ने 2 नग रजिस्टर भी जब्त किया है।
इसमें करोड़ो का हिसाब-किताब लिखा हुआ है। कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, राजेश मिश्रा, सरकण्डा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग, उप निरीक्षक अजहररूद्दीन, उप पुलिस निरीक्षक अजय वारे, उप निरीक्षक व्यास नारायण, देवमुन पुहुप, मुकेश वर्मा, विकास राम, विरेन्द्र गंधर्व, सत्या पाटले, प्रशांत व एसीसीयू व थाना सरकण्डा के सक्रियता से गिरोह को धर दबोचा है।
इनको किया गिरफ्तार
पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सटोरियो में दीपक यादव उम्र 25 बेलगहना निवासी, संजय जायसवाल उम्र 30 वर्ष बेलगहना निवासी को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख आरोपी ब्रांच संचालक विकास अग्रवाल निवासी बेलगहना अभी फरार है। उसे भी पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।