JASHPUR. विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है, इसी बीच खबर है कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज की परेशानी बढ़ सकती है, दरअसल यहां पर महिला से दुर्व्यवहार मामले में कुनकुरी पुलिस ने यूडी मिंज समेत आधा दर्जन कॉंग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। आईपीसी की धारा 143, 448 और 553 के तहत पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया है।
मिली जानकारी के अनुसार कुनकुरी के जोकारी में रविवार को यूडी मिंज अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की महिला मोर्चा मंडल महामंत्री मंजू भगत के घर में घुस गए थे, जहां गुंडागर्दी करते हुए महिला से यूडी मिंज ने मोबाइल छीन लिया और दुर्व्यहार करते हुए अपमानित किया था ऐसा आरोप महिला ने कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज पर लगाया था।
इसके बाद बीते दिन इस मामले में भाजपा प्रत्याशी विष्णुदेव साय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कुनकुरी थाने के सामने हजारों की संख्या में बैठकर कार्यवाही की मांग कर रहे थे। फिलहाल कुनकुरी पुलिस ने इस मामले पर कार्यवाही करते हुए दोषियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है। वहीं रिटर्निंग ऑफिसर की शिकायत पर प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों के विरुद्ध भी आचार संहिता उल्लंघन का मामला पुलिस ने दर्ज किया है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान कई तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें कई वीडियो सच्चे और कुछ झूठे भी होते हैं। इन दिनों कुनकुरी से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था। जिसके साथ ये दावा किया गया है कि विधायक मिंज ने भाजपा महिला मोर्चा की महिला के साथ अभद्रता करते हुए महिला का मोबाइल छीन लिया था।