RAIPUR. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नजदीक इसे लेकर पार्टियों की तैयारी जोरों पर है। इसी कड़ी में आज पीएम मोदी जगदलपुर दौरे पर है। यहां उन्होंने करीब 27 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराध चरम सीमा पर पहुंच चुका है। आए दिन यहां से हत्या के मामले आ रहे है। यह सब देख कर लग रहा है कि मानो छत्तीसगढ़ और राजस्थान के बीच सबसे अधिक अपराधों की प्रतिस्पर्धा चल रही है।
आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच सालों में छत्तीसगढ़ की जो हालत खराब कर दी है जिसे पूरा देश देख रहा है। यहां कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों के कारनामों से हर कोई त्रस्त है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को केवल झूठ परोसा है। झूठे प्रचार की आड़ में कांग्रेस ने लोगों की आंख में धूल झोंका हैं।
नगरनार के कार्यक्रम में नही पहुंचे सीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज नगरनार में देश के आधुनिकतम स्टील कारखाने का लोकार्पण हुआ। यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। लेकिन इस खुशी के मौके पर भी न तो यहां मुख्यमंत्री आए और न ही उपमुख्यमंत्री। कांग्रेस का एक भी मंत्री इसमें शामिल नहीं हुआ। पीएम मोदी ने सभी को इस योजना के शुभारंभ के लिए बधाई दी है।