GUJARAT. एक तरफ जहां गूगल और मेटा जैसी बड़ी-बड़ी मल्टिनेशनल कंपनियां हजारों कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। वहीं, गुजरात की एक आईटी कंपनी अपने कर्मचारियों को लग्जरी कार गिफ्ट कर रही है। जी हां, यह सच है। अहमदाबाद की एक कंपनी ने ऐसा ही किया है। कंपनी ने अपने 13 कर्मचारियों को चमचमाती नई कार देकर उनको प्रोत्साहित किया है।

अहमदाबाद स्थित आईटी कंपनी त्रिध्या टेक इन दिनों सुर्खियों में है। कंपनी ने अपनी तरक्की का क्रेडिट कर्मचारियों को देते हुए 13 को महंगी कार दी है। ये वो कर्मचारी हैं, जो कंपनी के साथ शुरुआत से जुड़े थे। इन लोगों ने इस स्टार्टअप पर भरोसा किया और पांच साल में कपनी को बहुत ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। इस आईटी कंपनी का टर्नओवर करोड़ों में हैं।

ये लोग अच्छी खासी सैलरी की नौकरी छोड़कर आए थे और फिर कंपनी के साथ टिक कर काम करते रहे। एमडी रमेश मारांड ने कहा कि उनकी कंपनी ने पिछले 5 साल में जो कुछ हासिल किया है, यह कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। कंपनी बीएफएसआई, हेल्थकेयर, इंश्योरेंस, रिटेल और एनर्जी जैसे उद्योगों के लिए सॉफ्टवेर तैयार करती है और कंपनियों को टेक सपोर्ट देती है।

13 कर्मचारियों को उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता को सम्मानित करने के लिए इनाम दिया है। हम अर्जित धन को कर्मचारियों को के साथ साझा करने में विश्वास करते हैं। एमडी ने कहा कि यह महज शुरुआत है और भविष्य में कर्मचारियों के लिए ऐसे और पहल किए जाएंगे। अब हम कंपनी के बाकी के कर्मचारियों को कार गिफ्ट करने की प्लानिंग कर रहे हैं।
चमचमाती कार पाकर कर्मचारियों और उनके परिवार के लोगों की खुशी की ठिकाना नहीं रहा। कार पाने वाले कर्मचारियों का कहना है कि हमारी मेहनत आज रंग लाई है। गौरतलब है कि कुछ साल पहले सूरत के हीरा कारोबारी सावजी ढोलकिया ने भी अपने कर्मचारियों को दिवाली पर कार गिफ्ट की थी और सुर्खियों में रहे थे।


































