BILASPUR. न्यायधानी बिलासपुर के कोतवाली थाना एरिया में कांग्रेस नेता के भाई द्वारा पुलिस को धौंस दिखाने का मामला प्रकाश में आया है। नेता के भाई का वीडिया जमकर सर्कुलेट हो रहा है। मिली जानकारी अनुसार कोतवाली एरिया में पुलिस टू व्हीलर्स और फोर व्हीलर्स की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान करीब 50 गाड़ियों को पकड़कर एक स्थान पर रखा गया था। इसी बीच कांग्रेसी नेता के भाई की गाड़ी को भी रोका गया, जिससे वह भड़क गया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम लेकर उनके हवाले से धमकाने लगा। इस दौरान वीडियो बनता देख पुलिस भी बैकफुट पर आ गई और न केवल कांग्रेस नेता के भाई की गाड़ी को छोड़ा पकड़ी गई 50 अन्य गाड़ियों को भी उनके मालिक ले गए।

पूरा मामला कोतवाली थाने के सामने का है। रविवार को पुलिस कर्मी गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे। ट्रैफिक थाने के ASI के साथ उनकी टीम तीन सवार बाइक्स और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों को रोक रहे थे। तभी दयालबंद एरिया के कांग्रेसी नेता का भाई भी मौके पर पहुंचा। इस गाड़ी में भी नंबर प्लेट नहीं था। इसके कारण जवानों ने उसे रोक दिया। इससे गुस्से में आया कांग्रेस नेता का भाई उनसे हुज्जतबाजी करने लगा। वह अपने मोबाइल से इसका वीडियो भी बनाने लगा। साथ ही वह ASI को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कराने की बात कहने लगा। मुख्यमंत्री का नाम लेकर उसने गाड़ियों को छोड़ने की बात भी कही। वहीं मना करने पर वह इसका अंजाम भुगतने की दुहाई भी देते रहा। पुलिस जवानों से हुज्जतबाजी करते हुए पहले से रोककर रखी गाड़ियों को भी छोड़ने को कहा। साथ ही मना करने पर भी वह बाइक लेकर चला गया।






































