SAGAR. जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखे शव की आंखों को चूहों ने नोच लिया। सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव देखा गया, तो एक आंख गायब थी। यह देखकर मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आखिरकार पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ गांव ले गए। बताया जा रहा है कि आमेट गांव के रहने वाले 32 साल के मोती को मंगलवार देर शाम बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। वह मंगलवार को धवा गांव में खेत का काम करने के दौरान बेहोश हो गया था। आनन-फानन में उसके परिजनों को पता चला, तो वे उसे जिला अस्पताल ले आए।

फ्रीजर खराब थे, टेबल पर रख दिया था शव
यहां चिकित्सक ने जांच के बाद मोती को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम कक्ष भेज दिया गया। पीएम कक्ष में शव रखने के लिए दो फ्रीजर हैं। हालांकि, दोनों ही चलने नहीं रहे थे। लिहाजा, शव को टेबल पर ही रख दिया गया।
सुबह एक आंख गायब थी, निकल रहा था खून
रातभर पीएम कक्ष में टेबल पर शव पड़ा रहा। सुबह जब डॉ. वहां पहुंचे तो देखा कि मृतक मोती की एक आंख गायब है, उसमें से खून बह रहा है। डॉ. का कहना है कि संभवत: पीएम हाउस के कमरे में चूहा घुस आया होगा और उसने शव की आंख खा ली होगी। इस बात की जानकारी मिलने के बाद मोती के परिजनों ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया।



































