BILASPUR. बिलासपुर जिले के मस्तूरी में बिलासपुर-सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर धान से भरे ट्रक ने एक बाइक सवार को अपने चपेट में ले लिया। इससे बाइक सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्रवासी भड़क गए और उन्होंने चक्काजाम कर दिया। यहां कई घंटों तक रोड में आवाजाही बंद रही और गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। लंबी समझाइश के बाद आखिरकार चक्काजाम खत्म किया गया।

घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे की है। मस्तूरी में यूको बैंक के पास बिलासपुर की ओर से धान भरकर आ रही ट्रक ने बाइक के चालक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक के चालक वार्ड 15 मस्तूरी निवासी शुभम यादव पिता अशोक यादव की ठोकर लगने के बाद सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ जाने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर वहां से फरार हो गया और सीधे आगे मस्तूरी थाने में ट्रक समेत खुद को सरेंडर कर दिया।

दूसरी ओर क्षेत्र के लोगों की मौके पर काफी भीड़ लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी। फिर क्या था, परिजन और आसपास के लोगों ने चक्काजाम कर दिया और पुलिस को भी शव उठाने से मना कर दिया। तब मस्तूरी थाना प्रभारी नुपूर उपाध्याय ने उन्हें समझाइश दी। साथ ही 25 हजार रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की गई है। जबकि तहसीलदार भी मौके पर आ गए।

उन्होंने भी चक्काजाम करने समझाया। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद आखिरकार चक्काजाम समाप्त हुआ। दूसरी ओर बिलासपुर से रायगढ़ रूट पर नया हाईवे बनने के बाद भी बिलासपुर से पामगढ़, शिवरीनारायण समेत सारंगढ़ जाने के लिए यह प्रमुख मार्ग है, जिसके बंद होने से वहां दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। चक्काजाम खत्म होने के बाद भी काफी देर में वहां ट्रैफिक व्यवस्था सुधर पाई। इससे आवाजाही करने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।






































