RAIGARH. रायगढ़ से एक हिला देने वाली खबर आ रही है। यहां एक महिला की हत्या कर उसे जमीन में गाढ़ दिया गया। किसी को शक न हो, इसके लिए हत्यारे ने उस जगह भुट्टे के पौधे लगा दिए, जहां महिला की लाश दफनाई गई थी। दूसरी ओर महिला का बेटा 18 दिनों से मां की तलाश कर रहा था।

हत्या का यह चौंकाने वाला मामला रायगढ़ जिले के चक्रधर थाना क्षेत्र का है। यहां के जशपुर जिले की ग्राम कुनकुरी निवासी कांति यादव अपने पति अजय यादव के साथ रहती थी। सात साल पहले ही महिला ने अपने प्रेमी अजय यादव से शादी की थी। महिला एक सितंबर से लापता थी। उसका मोबाइल फोन भी बंद था। 18 दिन तलाश करने के बाद कांति की बड़ी बहन दिलेश्वरी यादव पति भुवनेश्वर यादव शनिवार को उसे तलाशते हुए कांति के घर पहुंची। बताया जा रहा है कि दिलेश्वरी यादव पहले भी अपनी बहन कांति के बारे में पूछ चुकी थी। लेकिन अजय ने उसे बताया कि उसकी मां रायपुर गई है। शनिवार को दलेश्वरी जब दोबारा बहन के घर गई तो घर के पीछे स्थित बाड़ी में जमीन में दफन महिला का सिर और पैर के नाखून दिखाई दिए।

इस पर दिलेश्वरी यादव ने इसकी सूचना पहले परिवार के लोगों को दी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रविवार को उस जगह की खुदाई कराई। सबसे पहले भुट्टे के पौधे हटाए गए। इसके बाद जैसे ही मिट्टी हटाने का काम हुआ, तो कांति यादव की लाश पाई गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब अजय की तलाश कर रही है।



































