भिलाई। वैशाली नगर में भाजपा पार्षद रिकेश सेन के घर पर आग लग गई। शनिवार को रात 8:30 बजे आसपास के लोगों ने पटाखा फूटने जैसी आवाजे सुनी और बाहर निकलकर देखा तो घर से भीतर से चिंगारी निकल रही थी। आगजनी के समय घर पर कोई नहीं था। पार्षद रिकेश सेन एक कार्यक्रम में गए हुए थे और उनकी पत्नी बाजार। इस बीच यह घटना घट गई।
मिली जानकारी के अनुसार वैशालीनगर स्थित ईडब्ल्यूएस- 632 में शनिवार रात को आगजनी की घटना हुई। यह मकान भाजपा पार्षद रिकेश सेन का है। रिकेश एक कार्यक्रम में चले गए थे वहीं उनकी पत्नी बाजार गई हुई थी। इस दौरान घर में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। बताया जा रहा है कि घर के बाहर लगे बिजली के मीटर में शार्ट सर्किट हुआ था और आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रिकेश सेन व उनके परिवार के अन्य लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग पर तो काबू पा लिया गया लेकिन इस दौरान घर का काफी सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग से जब केबल जल रहा था तेज चिंगारी निकल रही थी। आगजनी के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पार्षद रिकेश सेन ने बताया कि घटना के समय घर पर कोई नहीं था। वहीं इस आगजनी के कारण घर पर रखा सारा सामान जल गया है। सोफा, कुर्सियां, टीवी सिहत अन्य सामान जल गए। दमकल कर्मियों ने बिजली कनेक्शन काटकर आग को बुझाया है। उन्होंने बताया कि अब आग पर काबू पा लिया गया है। रविवार सुबह से घर पर सफाई का काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।