RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में IAS, IPS समेत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों की सैलरी में बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने इन अधिकारियों का महंगाई भत्ता (DA) 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। खास बात यह है कि जुलाई से अब तक की बकाया राशि का भुगतान भी नकद किया जाएगा। दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी।

इसके बाद अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत यह बढ़ी हुई दर राज्य में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी लागू हो गई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ में कार्यरत IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को अब 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। इससे अधिकारियों के मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी।

राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2026 से लागू माना जाएगा। यानी अधिकारियों को जुलाई से नई दर के हिसाब से महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। जुलाई से अब तक की बकाया राशि का भुगतान भी कैश किया जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एरियर का भुगतान उसी कार्यालय से किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन आहरित किया गया था। इसके लिए संबंधित कार्यालयों को वेतन पर्चियों में संशोधन कर बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।

ज्यादा भुगतान हुआ तो होगी वसूली
सरकार ने भुगतान की प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। यदि किसी अधिकारी को निर्धारित राशि से अधिक महंगाई भत्ते का भुगतान हो जाता है तो अतिरिक्त रकम संबंधित अधिकारी से वसूल की जाएगी। इसके अलावा पहले किए गए भुगतान का समायोजन भी किया जाएगा। संबंधित कार्यालयों को वेतन रिकॉर्ड और भुगतान संबंधी जरूरी संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं।






































