RAIPUR NEWS. पति की मौत के बाद एक करोड़ रुपए की बीमा राशि पाने के लिए पत्नी को छह साल तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। आखिरकार जिला उपभोक्ता आयोग ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए आदित्य बिरला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को एक करोड़ रुपए का बीमा क्लेम देने का आदेश दिया है। इसके अलावा कंपनी को मानसिक और शारीरिक परेशानी के लिए एक लाख रुपए तथा मुकदमे के खर्च के रूप में 15 हजार रुपए भी देने होंगे। मामला चंदा पिंचा और उनके पति पवन पिंचा से जुड़ा है। पवन पिंचा की 21 दिसंबर 2019 को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

पति की मृत्यु के बाद चंदा ने बीमा कंपनी के सामने एक करोड़ रुपए के बीमा क्लेम के लिए आवेदन किया था। हालांकि, कंपनी ने क्लेम देने से इनकार कर दिया। कंपनी ने दावा किया कि पॉलिसी लेते समय पवन पिंचा ने अपनी पुरानी एलआईसी और एचडीएफसी की बीमा पॉलिसियों की जानकारी छिपाई थी। इसी आधार पर बीमा क्लेम खारिज कर दिया गया। इसके बाद चंदा पिंचा ने न्याय के लिए जिला उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया और कानूनी लड़ाई शुरू की।

कंपनी के दस्तावेजों से ही कमजोर हुआ दावा
मामले की सुनवाई के दौरान आयोग के सामने महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। कंपनी के अपने ही दस्तावेजों में पवन पिंचा की पुरानी बीमा पॉलिसियों का उल्लेख मौजूद था। ऐसे में पॉलिसियों की जानकारी छिपाने का कंपनी का आरोप साबित नहीं हो सका। आयोग ने कंपनी की ओर से क्लेम खारिज करने की कार्रवाई को सेवा में कमी और गलत व्यापार व्यवहार माना। इसके बाद चंदा पिंचा के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बीमा कंपनी को पूरी बीमा राशि का भुगतान करने का आदेश दिया।

45 दिन में करना होगा भुगतान
जिला उपभोक्ता आयोग ने आदित्य बिरला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को 45 दिनों के भीतर एक करोड़ रुपए की बीमा राशि, एक लाख रुपए मुआवजा और 15 हजार रुपए मुकदमे का खर्च देने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर पूरी राशि पर 7 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा। इस फैसले से छह साल तक अपने पति की बीमा राशि के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने वाली चंदा पिंचा को राहत मिली है।




































