KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से महिला के साथ दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर महिला के साथ जबरदस्ती करने और उसे घर में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने घर की छोटी-सी जरूरत के लिए पड़ोस में रहने वाले युवक के घर मिर्च मांगने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने घर का दरवाजा बंद कर दिया और महिला के साथ जबरदस्ती की। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को अपने घर में बंधक बनाकर भी रखा।
किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता सीधे बांकीमोंगरा थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटेलपारा, जंगल साइड निवासी 39 वर्षीय राजा ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और गलत तरीके से बंधक बनाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।




































