RAIPUR NEWS. दिवाली पर शहरवासियों को पानी, बिजली और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों से बचाने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान पानी की मांग बढ़ने पर नगर निगम 50 एमएलडी अतिरिक्त पानी की सप्लाई करेगा। वहीं, घरों और बाजारों में रोशनी व सजावट के कारण बिजली की खपत सामान्य दिनों की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान है। बिजली कंपनी ने इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। शहर में सफाई व्यवस्था से लेकर सुरक्षा और यातायात तक की निगरानी की जाएगी। दिवाली पर 8 नवंबर को शहर में सुबह और शाम सामान्य दिनों की तुलना में 50 एमएलडी अतिरिक्त पानी की सप्लाई की जाएगी। नगर निगम ने त्योहार के दौरान बढ़ने वाली मांग को देखते हुए यह व्यवस्था की है।

बिजली गुल होने पर तत्काल पहुंचेगी टीम
दिवाली के दौरान बिजली की खपत 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बिजली कंपनी ने 8 और 9 नवंबर के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया है। किसी भी क्षेत्र में बिजली गुल होने या तकनीकी खराबी आने पर शिकायत के आधार पर मरम्मत टीम भेजी जाएगी। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
ड्रोन से निगरानी, शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई
त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस की टीमें पैदल और वाहनों से गश्त करेंगी। गलियों और बाजारों में ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, नजदीकी पेट्रोलिंग टीम पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने का प्रयास करेगी।

8 नवंबर को यात्री बसें बंद, मंडी भी तीन दिन बंद
8 नवंबर को यात्री बसों का संचालन बंद रहेगा। 9 नवंबर से बसें फिर शुरू होंगी। ई-रिक्शा और ऑटो सुबह उपलब्ध रहेंगे, लेकिन दोपहर बाद इनका संचालन प्रभावित हो सकता है। वहीं, डूमरतराई की थोक सब्जी मंडी 9 से 11 नवंबर तक बंद रहेगी।

अंबेडकर अस्पताल की ओपीडी दो दिन बंद
दिवाली के दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अंबेडकर अस्पताल की ओपीडी 8 और 9 नवंबर को बंद रहेगी। हालांकि, अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जारी रहेंगी। 10 नवंबर से ओपीडी सामान्य रूप से संचालित होगी।





































