BENGALURU NEWS. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सामूहिक हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के सात सदस्यों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में अब तक एक सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ है, जबकि छह अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इस खौफनाक वारदात के पीछे घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी सुनीता से नाराज रहता था। उसे इस बात पर आपत्ति थी कि पत्नी लगातार अपने मायके वालों के संपर्क में रहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पत्नी के बाद ससुराल के 6 लोगों को बनाया निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर इस हत्याकांड की योजना पहले से तैयार कर रखी थी। आरोप है कि उसने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद उसने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपावती और सात वर्षीय बच्चे पुनीत को भी निशाना बनाया। इस तरह आरोपी पर एक ही परिवार के सात सदस्यों की हत्या का आरोप है।
सिलबट्टे से हत्या और शव ठिकाने लगाने का शक
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए सिलबट्टे यानी पीसने वाले पत्थर का इस्तेमाल किया था। आरोप है कि हत्या के बाद उसने सभी शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग जगहों पर ले जाकर फेंक दिया। इतना ही नहीं, पुलिस को शक है कि आरोपी ने घटनास्थल पर खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या आरोपी ने जानबूझकर सबूत नष्ट करने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला हत्याकांड का राज
इस पूरे मामले का खुलासा श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक गुमशुदगी की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने इंदुशेखर से पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि पूछताछ में आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा था। उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस का शक गहरा गया और जांच का दायरा बढ़ा दिया गया। इसके बाद पुलिस ने कथित हत्याकांड और शवों को ठिकाने लगाने से जुड़े सुराग जुटाने शुरू किए।
नंदी हिल्स के पास मिला 7 साल के बच्चे का शव
शवों की तलाश में पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शव की पहचान की प्रक्रिया की पुष्टि की जानी बाकी है। फिलहाल पुलिस को केवल एक शव मिला है। बाकी छह लोगों के शवों की तलाश के लिए अलग-अलग संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
आरोपी ने कबूली सात हत्याओं की बात, पुलिस कर रही पुष्टि
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी इंदुशेखर ने परिवार के सातों सदस्यों की हत्या करने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस अभी उसके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने में जुटी है। बरामद शव की पहचान, अन्य शवों की तलाश और घटनाक्रम से जुड़े सभी सबूतों की जांच की जा रही है।



































