BENGALURU NEWS. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक निजी कॉलेज में पढ़ाने वाली सहायक प्रोफेसर पर उसके ही पिता ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना 25 जुलाई की बताई जा रही है, जिसका खुलासा अब हुआ है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नागेंद्र के रूप में हुई है, जो पेशे से टैक्सी चालक है। उसकी बेटी लक्ष्मी दुर्गा बेंगलुरु के राजनुकुंटे स्थित एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार ने उनकी शादी तय कर दी थी, लेकिन शादी से पहले पैसों को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया।

शादी से पहले रखी थी 40 लाख रुपये की मांग
जांच में सामने आया है कि नागेंद्र ने लड़की के होने वाले ससुराल पक्ष से 40 लाख रुपये की मांग की थी। इतना ही नहीं, उसने यह शर्त भी रखी कि शादी के बाद बेटी अपनी पूरी मासिक सैलरी उसे देगी। लक्ष्मी दुर्गा और उनकी मां ने इन मांगों का विरोध किया, जिसके बाद घर में लगातार तनाव बना रहा।

कॉलेज पहुंचकर बेटी पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई को नागेंद्र सीधे अपनी बेटी के कॉलेज पहुंचा। उसने विभागाध्यक्ष (HOD) से बेटी से मिलने की इच्छा जताई। जैसे ही लक्ष्मी दुर्गा केबिन में पहुंचीं, आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने बेटी के पेट, छाती और गर्दन पर कई वार किए, जिसके बाद मौके से फरार हो गया।

कॉलेज परिसर में मची अफरा-तफरी
हमले के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कॉलेज स्टाफ और अन्य लोगों ने तुरंत घायल लक्ष्मी दुर्गा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
आरोपी पिता गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही राजनुकुंटे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी नागेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में लोगों को हैरानी में डाल दिया है।






































