RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 33 अधिकारियों के तबादले किए हैं। 30 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से की गई है। तबादला सूची में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP) और सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। रायपुर नगरीय पुलिस से लेकर बिलासपुर, कोरबा, बालोद, सरगुजा, बलरामपुर, धमतरी और बेमेतरा समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

आदेश के मुताबिक, रचा मिश्रा को नारायणपुर की 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल से बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) बनाया गया है। शैलेश कुमार पांडेय को धमतरी से बलरामपुर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। रामगोपाल करियारे को बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) से कोरबा जिले के कटघोरा में ASP बनाया गया है। वहीं नितीश कुमार ठाकुर को कटघोरा से बेमेतरा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर भेजा गया है।

रायपुर नगरीय पुलिस में भी बदलाव किए गए हैं। लतेश सिंह को गरियाबंद जिले से रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) बनाया गया है। सौरभ उईके को सुकमा से रायपुर नगरीय में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) की जिम्मेदारी दी गई है। मणीशंकर चंद्रा को पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा से रायपुर पुलिस लाइन में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा देवे कुमार सिंह को कोरबा से सरगुजा में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) बनाया गया है। विकास पाटले को दल्लीराजहरा से बालोद में बालक विरुद्ध अपराध अनुसंधान शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। विशाल गर्ग को बीजापुर से सूरजपुर में नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

सुकमा, नारायणपुर और बस्तर में पदस्थ अधिकारियों की भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। आशीष कुमार नेताम को नारायणपुर से सुकमा में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बनाया गया है। संगम राम को बस्तर से कबीरधाम जिले के बोड़ला में एसडीओपी और अमृता पैकरा को नारायणपुर से बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में एसडीओपी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह सुशांतो बनर्जी को रायगढ़ से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, माया शर्मा को बालोद से छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण रायपुर और विवेक शर्मा को बिलासपुर रेंज से बेमेतरा जिले में पदस्थ किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कुल 33 अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। आदेश राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है और इसमें मुख्यमंत्री से अनुमोदन का उल्लेख भी किया गया है।




































