RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। ED की टीम ने राजधानी रायपुर में 3 से 4 ठिकानों पर दबिश दी। इनमें शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का आवास भी शामिल है। वहीं, EOW ने राजनांदगांव में दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह ED के अधिकारी अलग-अलग टीमों में रायपुर के कई ठिकानों पर पहुंचे।

अधिकारी संबंधित परिसरों में दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। इसी क्रम में शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के घर भी छापेमारी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर उनके आवास के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। फिलहाल ED की कार्रवाई किन वित्तीय लेन-देन या अन्य मामलों से जुड़ी है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और निष्कर्षों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर, राजनांदगांव में EOW ने भी शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। रायपुर से करीब 20 अधिकारियों की टीम चार गाड़ियों में सुबह लगभग 7 बजे शहर पहुंची।

इसके बाद टीम दो हिस्सों में बंटकर दो कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ जांच करने पहुंची। EOW की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित मकान नंबर 43-44 में दबिश दी। यह आवास कारोबारी वैभव गोलछा का बताया जा रहा है। उनका संबंध सड़क निर्माण और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र की फर्म KLA से भी बताया गया है। वहीं, दूसरी टीम ने लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के निवास और व्यावसायिक परिसर में छापेमारी की। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वैभव गोलछा और जय बग्गा आपस में कारोबारी साझेदार हैं। दोनों के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबियों से संबंध होने की बात भी सामने आई है।

दस्तावेजों के साथ डिजिटल लेन-देन की भी जांच
EOW की टीमें दोनों कारोबारियों के परिसरों में बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही हैं। जांच का उद्देश्य शराब घोटाले से जुड़े संभावित वित्तीय लेन-देन और संबंधित लोगों के बीच कड़ियों का पता लगाना बताया जा रहा है। दोनों स्थानों पर बाहरी लोगों की आवाजाही रोककर जांच की जा रही है। फिलहाल EOW और ED की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।






































