RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों से होकर चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन नवंबर और दिसंबर में प्रभावित रहने वाला है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण अलग-अलग तारीखों पर 50 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जाएगा, जबकि कुछ का परिचालन निर्धारित स्टेशन से पहले ही समाप्त होगा या वहीं से शुरू किया जाएगा। इस दौरान कंफर्म टिकट वालों की मुश्किलें बढ़ेंगी।

रेलवे के मुताबिक योग नगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस 28 नवंबर, 5 दिसंबर और 7 से 14 दिसंबर तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इस दौरान ट्रेन ईब, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी, अंगुल और कटक होकर संचालित होगी। इसी तरह पुरी–योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 6 से 15 दिसंबर तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन कटक, अंगुल, संबलपुर सिटी, झारसुगुड़ा रोड और ईब होकर जाएगी।

आरा–दुर्ग दक्षिण बिहार एक्सप्रेस 28 नवंबर और 4 से 15 दिसंबर तक राउरकेला में ही समाप्त होगी। इस अवधि में राउरकेला से दुर्ग के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा। वहीं, दुर्ग–आरा दक्षिण बिहार एक्सप्रेस 29 नवंबर और 5 से 16 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला से रवाना होगी। इस दौरान दुर्ग से राउरकेला के बीच ट्रेन नहीं चलेगी। पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस 14 दिसंबर को अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से रवाना होगी। इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनानी चाहिए।

रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनें
टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस (18113): 4, 5 और 7 से 15 दिसंबर तक रद्द।
बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस (18114): 5, 6 और 8 से 16 दिसंबर तक रद्द।
हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस (18641): 8 और 10 दिसंबर को रद्द।
दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस (18642): 9 और 11 दिसंबर को रद्द।
हटिया-पुणे एक्सप्रेस (22846): 7 और 11 दिसंबर को रद्द।
पुणे-हटिया एक्सप्रेस (22845): 9 और 13 दिसंबर को रद्द।
हावड़ा-पुणे दुरंतो (12222): 26 नवंबर, 3 और 12 दिसंबर को रद्द।
पुणे-हावड़ा दुरंतो (12221): 28 नवंबर, 5 और 14 दिसंबर को रद्द।





































