RAIPUR NEWS. रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। चक्रधरपुर मंडल के कंसबहाल-धारुआडीही सेक्शन में ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव के लिए 3 जुलाई से 17 नवंबर 2026 तक कुल 138 दिनों की अवधि में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान टीआरटी मशीनों से ट्रैक मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। रेलवे के अनुसार यह कार्य रेल संरक्षा को मजबूत करने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।

मेगा ब्लॉक के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं जाएंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, रद्दीकरण, मार्ग परिवर्तन और समय की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
17005 हैदराबाद–रक्सौल एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर हैदराबाद से रवाना नहीं होगी।
17006 रक्सौल–हैदराबाद एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर रक्सौल से रद्द रहेगी।
18109/18110 टाटानगर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–टाटानगर एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह रद्द रहेगी।
18114 बिलासपुर–टाटानगर एक्सप्रेस तय तारीखों में नहीं चलेगी।
18113 टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेगी।

बीच रास्ते तक ही चलेगी साउथ बिहार एक्सप्रेस
13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर केवल राउरकेला तक चलेगी। राउरकेला से दुर्ग के बीच इसका संचालन नहीं होगा।
13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस निर्धारित दिनों में राउरकेला से ही रवाना होगी। दुर्ग से राउरकेला के बीच ट्रेन रद्द रहेगी।

बदले हुए मार्ग से चलेंगी ये ट्रेनें
18478 योगनगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर ईब–झारसुगुड़ा रोड–संबलपुर सिटी–कटक मार्ग से संचालित होगी।
13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस कुछ निर्धारित तिथियों पर कांड्रा–सीनी मार्ग से चलेगी। इस दौरान यह टाटानगर और गम्हारिया स्टेशन पर नहीं रुकेगी।






































