RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। अमेरिका से लौटे भिलाई निवासी एक IT एक्सपर्ट को शातिर ठग ने अपना निशाना बनाया और उनके बैंक खाते से 1 लाख 89 हजार 500 रुपये निकालकर ऑनलाइन खरीदारी कर ली। इस मामले में डीडी नगर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रायपुर के रिंग रोड स्थित SBI ATM की है। यहां रुपये निकालने पहुंचे IT एक्सपर्ट की मदद करने के बहाने एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका ATM कार्ड बदल दिया। पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने 3 और 4 अक्टूबर के बीच उनके बैंक खाते से 1,89,500 रुपये निकाल लिए। बताया जा रहा है कि इस रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन खरीदारी करने में किया गया।
चार दिन बाद चला ATM कार्ड बदले जाने का पता
पीड़ित को ATM कार्ड बदले जाने की जानकारी घटना के करीब चार दिन बाद हुई। खाते से बड़ी रकम निकलने का पता चलने पर मामले की गंभीरता सामने आई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
ATM के आसपास गिरोह सक्रिय होने की आशंका
घटना के बाद ATM के आसपास कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह की सक्रियता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस SBI ATM में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही बैंक खाते से हुए लेनदेन और ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।



































