RAJNANDGAON NEWS.छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौथना में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सुखीत सोनकर के परिवार पर हमला कर उनकी पत्नी कमला सोनकर और बेटे कोमेंद्र सोनकर की हत्या कर दी गई। वहीं, उनकी बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार, 9 अक्टूबर की रात की है। रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। हमले में कमला सोनकर और उनके बेटे कोमेंद्र सोनकर की मौत हो गई, जबकि सुखीत सोनकर की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घर लौटे सुखीत सोनकर, तब सामने आई वारदात
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान सुखीत सोनकर घर से बाहर थे। जब वह वापस लौटे, तब परिवार के साथ हुई इस खौफनाक वारदात का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गंभीर रूप से घायल बेटी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां डीकेएस अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोहरे हत्याकांड के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। परिवार के ही एक रिश्तेदार पर संदेह होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डीएसपी सुमन जायसवाल के अनुसार, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वारदात को किसने अंजाम दिया, हत्या के पीछे क्या वजह थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
गांव में दहशत, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या और बेटी पर जानलेवा हमले की घटना से ग्राम चौथना में भय का माहौल है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।



































