RAIPUR NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। इनके जरिए आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देने का प्रयास होगा कि देश की प्रगति में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथ में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा चौक तक पहुंची। मुख्यमंत्री ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और नागरिक शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

साय ने कहा कि यह अवधि जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साय के मुताबिक, अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर की गई थी। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए प्रदेश के नागरिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से लगातार जुड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के नागरिकों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के जरिए प्रदेश के आगामी विकास की दिशा तय की है। साय ने नागरिकों से अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।

सिंगापुर दौरे का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि राज्यों को भी दुनिया के दूसरे देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करने चाहिए। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में हुए पहले ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना था। सिंगापुर में उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ा है और इसका फायदा छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को भी मिल रहा है।
बृजमोहन अग्रवाल ने भी दी बधाई
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।





































