RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और प्रदेश में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। वे गुरुवार को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया और उन्हें समाजसेवा के अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने एनएसएस स्वयंसेवकों से प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक युवा की छोटी पहल भी परिवार, समाज और समुदाय को सकारात्मक काम के लिए प्रेरित कर सकती है। इसलिए स्वयंसेवकों को कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों के साथ-साथ गांवों, बस्तियों और शहरों में भी लोगों को इन अभियानों से जोड़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, सरकारी नौकरी, रोजगार, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि भर्ती परीक्षाओं में युवाओं का भरोसा मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है। भर्ती परीक्षाओं में नकल और अनुचित साधनों को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था किए जाने की बात भी कही। मुख्यमंत्री के अनुसार, पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है, जबकि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

डेढ़ साल में ₹8.25 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता दी गई है। उनके मुताबिक पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को ₹8.25 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और कई परियोजनाओं पर काम भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि नीति में स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य निवेश को छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में बदलना है।

2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार पैदा करने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के जरिए युवाओं को उद्यमिता, कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने की बात भी कही गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन समेत कई क्षेत्रों में बढ़ेगी। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए ₹500 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस मिशन के तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
नालंदा परिसरों से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को सहारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण देने के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें युवाओं को पुस्तकें और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने UPSC प्रारंभिक परीक्षा पास की है।
उच्च शिक्षा मंत्री बोले- NSS युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देता है
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि किसी राज्य की वास्तविक शक्ति उसके युवाओं की चेतना, ऊर्जा और सामाजिक संवेदनशीलता में होती है। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि NSS से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित होता है। समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले NSS स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।



































