JOB NEWS. छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका सामने आया है। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। रोजगार मेले का आयोजन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अध्यक्षता करेंगे।

विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. के अनुसार, रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों के लिए युवाओं को सीधे कंपनियों से जोड़ना और उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को विभिन्न कंपनियों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध पदों की जानकारी लेने के साथ अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

ऐसे करें रोजगार मेले के लिए पंजीयन
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं। इसी पोर्टल के माध्यम से रोजगार मेले के लिए पंजीयन भी कराया जा सकता है। विभाग की ओर से युवाओं तक जानकारी पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान ही ऑफर लेटर प्रदान किए जाने की भी तैयारी की गई है। इससे रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के बाद सीधे नियुक्ति से जुड़ने का अवसर मिल सकेगा।

8 हजार से ज्यादा पदों पर अवसर
तारीख: 7 और 8 अक्टूबर 2026
स्थान: बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर
रिक्तियां: 8 हजार से अधिक
क्षेत्र: तकनीकी और गैर-तकनीकी
आयोजक: कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग
पंजीयन/रिक्तियों की जानकारी: ई-रोजगार पोर्टल
विशेष: चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर देने की तैयारी


































