ASSAM NEWS. असम के गुवाहाटी से एक नाइट क्लब में महिला के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खानापारा इलाके के एक कैफे और लाउंज में महिला को पहले जमीन पर गिराया गया, फिर उसके कपड़े उतारकर उसके साथ मारपीट की गई। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ महिलाएं महिला को लात मारती नजर आ रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नाइट क्लब के मैनेजर समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की उम्र 21 से 30 साल के बीच है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक महिला बिना कपड़ों के फर्श पर पड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में दो अन्य महिलाएं उसके साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ पुरुष भी आसपास मौजूद हैं। एक अन्य वीडियो में एक महिला पीड़िता को उठाने की कोशिश करती दिखाई देती है। इसी दौरान वहां एक कार आ जाती है, जिससे आगे की घटना कैमरे में साफ नजर नहीं आती। पुलिस अब वायरल वीडियो के साथ-साथ क्लब और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
बाउंसरों पर मारपीट का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के साथ हुई मारपीट में क्लब से जुड़े बाउंसर शामिल थे। आरोप है कि महिला को पहले फर्श पर गिराया गया और उसके कपड़े उतारे गए। इसके बाद उसे क्लब की चौथी मंजिल से नीचे लाकर पार्किंग और बेसमेंट क्षेत्र में ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, पूरी घटना की शुरुआत क्लब में हुई एक झड़प से हुई थी। एक सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को बताया कि महिला ने कथित तौर पर क्लब की एक महिला बाउंसर पर बीयर की बोतल से हमला किया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला के साथ मारपीट की गई।
नाइट क्लब मैनेजर समेत 7 गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने नाइट क्लब मैनेजर, इवेंट मैनेजर और फ्रंट ऑफिस एग्जीक्यूटिव समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्लब निर्धारित समय के बाद भी कैसे खुला रहा। नियमों के मुताबिक क्लब को रात 12:30 बजे तक बंद होना था, लेकिन घटना के समय तक वहां गतिविधियां जारी थीं।
CCTV फुटेज से सामने आई घटना की जानकारी
गुवाहाटी ईस्ट के DCP तबू राम पेगू के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, फुटेज में सुबह करीब 2:30 बजे कुछ लोगों का एक समूह महिला पर हमला करता दिखाई दिया। DCP के मुताबिक, इसके बाद महिला के बाल और कपड़े खींचते हुए उसे बेसमेंट की तरफ ले जाया गया। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह कथित तौर पर बेहोश हो गई। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल कई लोग बार से जुड़े हुए थे या वहां काम करते थे। पुलिस के अनुसार, क्लब प्रबंधन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने को नहीं दी थी।
पुलिस ने खुद लिया मामले का संज्ञान
दिसपुर पुलिस स्टेशन ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की है। पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी वजह, क्लब कर्मचारियों की भूमिका और घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।





































