BIJNOR NEWS. उत्तर प्रदेश के बिजनौर से कैंसर के इलाज के नाम पर कथित ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगीना देहात थाना क्षेत्र में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके कैंसर पीड़ित पति को ठीक करने का भरोसा देकर उससे करीब 25 लाख रुपये ले लिए गए। महिला के मुताबिक, इलाज के नाम पर झाड़-फूंक भी की गई और परिवार को डराया गया।मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2वो fd
गांव के व्यक्ति ने बताया- मेरे जानने वाले कर देंगे इलाज
हीमपुर पछातपुरा गांव निवासी सावित्री के पति तेजपाल सिंह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित हैं। महिला के अनुसार, इसी दौरान गांव के सुखलाल ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि उसके संपर्क में ऐसे लोग हैं, जो कैंसर का इलाज कर सकते हैं। शिकायत के मुताबिक, अप्रैल 2026 में सुखलाल अपने बेटे विनीत और कुछ अन्य लोगों के साथ महिला के घर पहुंचा। आरोप है कि इन लोगों ने झाड़-फूंक की और इलाज के नाम पर पैसे मांगने शुरू कर दिए।
कभी 10 हजार तो कभी एक लाख रुपये की मांग
महिला का आरोप है कि 24 अप्रैल को पहली बार उससे 10 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद अलग-अलग मौकों पर 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार और एक लाख रुपये तक की रकम मांगी गई।
पति के ठीक होने की उम्मीद में वह लगातार पैसे देती रही। शिकायत के अनुसार, करीब 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए, जबकि करीब 15 लाख रुपये नकद लिए गए। इस तरह कुल रकम करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, पैसे देने के बावजूद महिला के पति की हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
इलाज के लिए बेचनी पड़ी 6 बीघा जमीन
सावित्री का आरोप है कि पति के इलाज के लिए पैसे जुटाने के मकसद से उसने अपनी करीब छह बीघा खेती की जमीन बेच दी। महिला के मुताबिक, जमीन से मिली रकम भी आरोपियों को दे दी गई। इसके बाद भी कथित तौर पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। महिला का आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर उसे परिवार के किसी सदस्य की मौत होने का डर दिखाया गया।
आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुखलाल, उसके बेटे विनीत समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में कुछ अन्य लोगों पर भी रकम लेने और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराने में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिजनौर पुलिस अधीक्षक ने भी मामले में जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

पैसे भी गए और जमीन भी, अब पुलिस से इंसाफ की उम्मीद
महिला का कहना है कि पति के इलाज की उम्मीद में उसने अपनी जमा-पूंजी और खेती की जमीन तक गंवा दी। करीब 25 लाख रुपये देने के बाद भी पति की बीमारी ठीक नहीं हुई।

अब पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।





































