BILASPUR NEWS. बिलासपुर में गरबा कार्यक्रम में शामिल होने निकली युवती के साथ ऑटो चालक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुंदन पैलेस गई थी। हालांकि, उस समय कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ था। इसी दौरान ऑटो चालक ने युवती को घुमाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर युवती दोबारा ऑटो में बैठ गई।

सुनसान इलाके में ले जाकर की वारदात
आरोप है कि ऑटो चालक युवती को एफसीआई गोदाम और रेलवे डिपो के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद मौके से फरार हो गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद पीड़िता ने तारबाहर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान सरकंडा निवासी ऑटो चालक करन दरभे को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






































