BALAUDABAZAR NEWS. बलौदाबाजार से लटुवा जाने वाले मार्ग पर शनिवार को पिकअप वाहन और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में पिकअप सवार 12 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं और नौ पुरुष शामिल हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में सवार लोग ग्राम करमदा में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अपने गांव डमरू लौट रहे थे। इसी दौरान बलौदाबाजार-लटुवा मार्ग पर ग्राम लटुवा के पास पिकअप की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए।

पुलिस और 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। 112 और पुलिस के वाहनों से भी घायलों को अस्पताल ले जाने में मदद की गई।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम ने अस्पताल पहुंचते ही उनका उपचार शुरू कर दिया। दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

हादसे की जानकारी लेने अस्पताल पहुंची प्रशासनिक टीम
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और प्रशासनिक टीम को जिला चिकित्सालय भेजा। टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

घायलों की सूची
1. काशी साहू, 58 वर्ष, डमरू
2. हेमलाल, 62 वर्ष, डमरू
3. महेंद्र साहू, 46 वर्ष, डमरू
4. उमा बाई पैकरा, 44 वर्ष, लटुवा
5. सत्यवती पैकरा, 19 वर्ष, लटुवा
6. प्रमोद सिंह पैकरा, 28 वर्ष, लटुवा
7. लुमन ध्रुव, 20 वर्ष, लटुवा
8. द्रोणचत्या, 17 वर्ष, लटुवा
9. शिवदयाल साहू, 55 वर्ष, डमरू
10. खोमन सिंह, 45 वर्ष, डमरू
11. दुलारी ध्रुव, 37 वर्ष, लटुवा
12. शिव कुमार साहू, 50 वर्ष, डमरू
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पिकअप और ई-रिक्शा के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।




































