BILASPUR NEWS. नामी कंपनियों के उत्पादों की हूबहू नकल कर बाजार में खपाए जाने की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को चांटीडीह स्थित माधव ट्रेडर्स में छापेमारी की। हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत पर की गई कार्रवाई के दौरान दुकान से सर्फ एक्सेल, ENO और ब्रुक बॉन्ड ताजा चाय के संदिग्ध उत्पाद बरामद किए गए। कंपनी प्रतिनिधियों की तकनीकी जांच में ब्रुक बॉन्ड ताजा चाय के 23 पैकेट डुप्लीकेट पाए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान टीम को दुकान से सर्फ एक्सेल के करीब 12 से 15 बोरे, ENO के 4-5 पैकेट और ब्रुक बॉन्ड ताजा चाय के 250 ग्राम वाले 23 पैकेट मिले। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कंपनी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामान की जांच की। चायपत्ती के पैकेटों की पैकेजिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद उन्हें डुप्लीकेट बताया गया। वहीं सर्फ एक्सेल और ENO की खेप को संदिग्ध मानते हुए उनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।

पैकेजिंग ऐसी कि असली-नकली में फर्क करना मुश्किल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी रमन देवांगन ने बताया कि नकली उत्पादों की पैकेजिंग कई बार इस तरह तैयार की जाती है कि वह देखने में बिल्कुल असली उत्पाद जैसी नजर आती है। इससे आम ग्राहकों के लिए नकली और असली सामान की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। कंपनी प्रतिनिधियों के पास उत्पाद की पैकेजिंग और गुणवत्ता से जुड़े तकनीकी मानकों की जानकारी होती है, जिसके आधार पर वे संदिग्ध उत्पाद की पहचान करने में मदद करते हैं।

बिल नहीं दिखा सका दुकानदार, नोटिस जारी
अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान दुकानदार संदिग्ध उत्पादों की खरीद से संबंधित वैध बिल और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने दुकानदार को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज नहीं मिलने अथवा जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि दुकान में मिला संदिग्ध सामान आखिर कहां से पहुंचा। इसकी सप्लाई राज्य के बाहर से हुई थी या छत्तीसगढ़ में ही किसी अन्य स्थान से माल लाकर खपाया जा रहा था, इसका पता जांच पूरी होने के बाद चलेगा।





































