ARANG NEWS. राजधानी रायपुर से लगे आरंग में एक शिक्षक की हत्या का मामला सामने आया है। किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे शिवकुमार चंद्राकर का शव महानदी के तट पर बनचरौदा के पास खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

यह पूरा मामला आरंग थाना क्षेत्र का है। मृतक शिवकुमार चंद्राकर डंगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे और शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी बरामद हुई है।

सिर पर भारी वस्तु से वार की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिक्षक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका है कि किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई। घटनास्थल पर बाइक मिलने के बाद पुलिस हत्या के कारणों और वारदात के पीछे शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुरानी रंजिश समेत कई एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संभावित साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।




































