BIJAPUR NEWS. भोपालपट्टनम विकासखंड के रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और बैड टच के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से स्कूल के प्राचार्य को पद से हटा दिया है। जांच प्रभावित न हो, इसे देखते हुए प्राचार्य का प्रभार फिलहाल वाइस प्राचार्य को सौंपा गया है।

मामले में स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ भोपालपट्टनम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट, 2012 की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सात छात्राओं ने कलेक्टर से की थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, एकलव्य आवासीय विद्यालय की सात छात्राओं ने एक साथ बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए।
रविवार को मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने कलेक्टर और एसपी को मामले में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ POCSO में मामला दर्ज
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर भोपालपट्टनम थाने में आरोपी कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ BNS और POCSO अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

प्राचार्य की भूमिका की भी होगी जांच
प्रशासन ने जांच को प्रभावित होने से रोकने के लिए प्राचार्य को पद से हटाकर उनका प्रभार वाइस प्राचार्य को सौंप दिया है। अब मामले में प्राचार्य की भूमिका, स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और पूर्व में की गई शिकायतों समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































