CHHATTISGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव संभाग में देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। वहीं दूसरा हादसा डोंगरगढ़ के बोरतालाब थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दोनों हादसों में कुल चार लोगों की जान चली गई।

खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक, दो युवकों की मौत
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-930 पर बोरिया गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, माइंस से अयस्क लेकर रायपुर की ओर जा रहा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय इतवारी उसेंडी और 20 वर्षीय खिलेश साहू के रूप में हुई है। दोनों खड़गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही खड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

डोंगरगढ़ में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
दूसरा हादसा डोंगरगढ़ के बोरतालाब थाना क्षेत्र में हुआ। यहां तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार ड्राइवर समेत दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार सवार महाराष्ट्र के गोंदिया की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

दोनों हादसों ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक तरफ एनएच-930 पर खड़े ट्रक में बाइक टकराने से दो लोगों की जान चली गई, तो दूसरी तरफ डोंगरगढ़ इलाके में कार पेड़ से टकराने के बाद दो लोगों की मौत हो गई।पुलिस दोनों मामलों में हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि हादसों की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





































