BULANDSHAHR NEWS: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से रिश्तों को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार बच्चों की मां पर अपने ही भांजे के साथ घर से चले जाने का आरोप है। महिला तीन बच्चों को पति के पास छोड़ गई, जबकि एक बेटे को अपने साथ ले गई। परेशान पति अब पुलिस अधिकारियों से पत्नी और बेटे को तलाशने की गुहार लगा रहा है।

पीड़ित पति कमरुद्दीन के मुताबिक उसकी शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं और परिवार सामान्य तरीके से रह रहा था। पति का आरोप है कि 8 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे उसका भांजा साजिद कुछ दोस्तों के साथ घर आया था।

पति का आरोप- पेय पिलाने के बाद सभी सो गए
पति के मुताबिक साजिद और उसके दोस्तों ने परिवार के सदस्यों को ठंडा पेय पिलाया। इसके बाद सभी लोग गहरी नींद में सो गए। सुबह जब उन्हें होश आया तो घर से नकदी और जेवरात गायब थे। इसी दौरान पत्नी रिहाना और बेटा तालिव भी घर में नहीं मिले। परिवार को बाद में मोहल्ले के एक व्यक्ति से जानकारी मिली कि उसने रिहाना को उसके भांजे और दो अन्य लोगों के साथ जाते हुए देखा था। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

80 हजार रुपये और जेवर गायब होने का दावा
पीड़ित पति का दावा है कि घर से करीब 80 हजार रुपये नकद, पांच तोले सोने के जेवरात और लगभग 500 ग्राम चांदी के जेवरात भी गायब हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पत्नी के अचानक घर से चले जाने के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी पति पर आ गई है। इसी परेशानी को लेकर वह बच्चों के साथ SSP कार्यालय पहुंचा और पुलिस से पत्नी व बेटे को तलाशने की मांग की। फिलहाल पति की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






































