BILASPUR NEWS. बेटी की शादी के लिए लोन लेने पहुंचे एक व्यक्ति की मजबूरी का फायदा उठाकर खुद को मददगार बताने वाले शातिर आरोपी ने ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने लोन की जांच कराने के बहाने पीड़ित की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में ले लिया और बाद में चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से 2.50 लाख रुपये निकाल लिए। मस्तुरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरगंवा निवासी रूपचंद मनहर (47) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2025 से थाना क्षेत्र की गुंडा-बदमाश सूची में भी शामिल है।
मस्तुरी थाना प्रभारी सलीम खाखा ने बताया कि आंकडीह निवासी भुनेश्वर दास (44) की मुलाकात मस्तुरी तहसील कार्यालय में रूपचंद से हुई थी। भुनेश्वर को अपनी बेटी की शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। इस दौरान रूपचंद ने उसे लोन दिलाने में मदद करने का भरोसा दिलाया और एक्सिस बैंक की जयरामनगर शाखा लेकर गया। जमीन के दस्तावेजों के आधार पर भुनेश्वर का 4.50 लाख रुपये का लोन मंजूर हो गया।

जांच के बहाने दस्तावेज और बैंक सामग्री ली
पुलिस के मुताबिक, 20 मार्च 2025 को आरोपी ने बैंक में लोन संबंधी जांच कराने का बहाना बनाकर पीड़ित की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया। इसके बाद आरोपी ने चेक पर भुनेश्वर के फर्जी हस्ताक्षर कर उसके खाते से 2.50 लाख रुपये निकाल लिए।
भुनेश्वर जब बेटी की शादी की तैयारी के लिए रकम निकालने बैंक पहुंचा, तब खाते से ढाई लाख रुपये गायब होने की जानकारी मिली। ठगी का पता चलने के बाद उसने मस्तुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

13 मामलों का आरोपी, थाने की गुंडा सूची में भी नाम
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 336, 338, 340, 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने रकम निकालकर खर्च करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।





































