BILASPUR NEWS. शहर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, बवाल और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अब तक गिरफ्तार आरोपियों में सोहेल खान गुट के 17 लोग शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष रामसिंह गुट के 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से कट्टा, पिस्टल समेत अन्य हथियार भी बरामद किए हैं।

पहचान के बाद लगातार हो रही कार्रवाई
पुलिस घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य संदिग्धों को भी चिन्हित किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों का निकाला जुलूस
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का जुलूस भी निकाला। इस कार्रवाई के जरिए उपद्रवियों और आपराधिक तत्वों को कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बवाल और हिंसा में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा विवादित सामग्री साझा करने से बचें।





































