KORBA NEWS. कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध में 40 वर्षीय लक्ष्मी मानिकपुरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से ठीक पहले महिला ने रोते हुए एक भावुक वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था, जिसमें उसने कहा था कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती।
घटना के बाद पुलिस को कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश भी मिला है। इसमें मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।

दीवार पर लिखा- पति का कोई हाथ नहीं
पुलिस जांच के दौरान मिले संदेश में महिला ने लिखा कि पूर्णिमा और उसके मायके वाले उसकी मौत का कारण हैं। साथ ही उसने यह भी लिखा कि उसके पति का उसकी मौत में कोई हाथ नहीं है और वह अपने बच्चों को पति के हवाले कर जा रही है।
कोरोना में पहले पति को खोया, 2025 में की थी दूसरी शादी
जानकारी के अनुसार, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद 13 जून 2025 को उसने ठेकेदारी का काम करने वाले कार्तिक दास से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार दूसरी शादी की थी।
कार्तिक दास की पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद घर में पारिवारिक विवाद शुरू हो गया था और लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर झगड़ा होता था।

झगड़े के बाद का वीडियो भी आया सामने
घटना से कुछ समय पहले हुए पारिवारिक विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में महिला आत्महत्या की बात कहती दिखाई दे रही है। इस दौरान उसका बड़ा बेटा उसे शांत रहने और ठंडे दिमाग से सोचने की सलाह दे रहा है, जबकि छोटा बेटा रोते हुए मां को समझाता नजर आ रहा है।

वीडियो और लिखावट की होगी जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दीवार पर लिखी लिखावट की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी। वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































